गाजीपुर : फॉर्मर रजिस्ट्री के लिए शासन गंभीर, डीएम ने किसानों से की अपील, कहा - बिना फार्मर रजिस्ट्री नहीं मिलेगा शासन की योजनाओं का लाभ
गाजीपुर : फॉर्मर रजिस्ट्री के लिए शासन गंभीर, डीएम ने किसानों से की अपील, कहा - बिना फार्मर रजिस्ट्री नहीं मिलेगा शासन की योजनाओं का लाभ
संवाददाता विशाल सिंह सैदपुर
गाजीपुर। फार्मर रजिस्ट्री को लेकर शासन बेहद गंभीर हो चुका है। अब किसानों को अधिकांश योजनाओं का लाभ तभी मिलेगा, जब उनकी फार्मर रजिस्ट्री होगी। ऐसे में जिले के जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने किसानों से अपील करते हुए कहा है कि वे शीघ्र अपनी ’फार्मर रजिस्ट्री’ अवश्य करा लें। अन्यथा उन्हें विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित होना पड़ सकता है। बताया कि शासनादेश के अनुसार अब बिना फार्मर रजिस्ट्री के किसानों को पीएम किसान सम्मान निधि का लाभ नहीं मिलेगा और न ही वे उर्वरक व बीज की खरीद कर पाएंगे। इसके अलावा कृषि एवं सम्बद्ध विभागों जैसे उद्यान, मत्स्य, पशुपालन, लघु सिंचाई, खाद्य एवं विपणन आदि से मिलने वाली सुविधाएं भी प्रभावित होंगी। यहां तक कि सरकारी क्रय केंद्रों पर न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर फसल बिक्री भी संभव नहीं होगी। जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में अब तक 3 लाख 59 हजार से अधिक किसान, किसान सम्मान निधि का लाभ ले रहे हैं और वो अपनी फार्मर रजिस्ट्री करा चुके हैं। इसके अलावा 60 हजार से अधिक ऐसे किसानों ने भी रजिस्ट्री कराई है जो इस योजना के लाभार्थी नहीं हैं। इस प्रकार जिले में कुल 4 लाख 20 हजार से अधिक किसानों की फार्मर रजिस्ट्री पूरी हो चुकी है। बताया कि 6 अप्रैल से चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत 900 ग्राम पंचायतों में शिविर आयोजित किए गए हैं। इन शिविरों में लेखपाल, पंचायत सचिव/सहायक, कोटेदार, ग्राम प्रधान और जन सुविधा केंद्र संचालक घर-घर जाकर किसानों की रजिस्ट्री सुनिश्चित कर रहे हैं। इस अभियान में 2300 से अधिक ग्राम पंचायत स्तरीय कर्मचारी, करीब 200 विकास खंड स्तरीय अधिकारी तथा उप जिलाधिकारी, तहसीलदार, खंड विकास अधिकारी सहित 50 से अधिक जिला स्तरीय अधिकारी सक्रिय रूप से जुटे हैं। अब तक इस अभियान के तहत लगभग 33 हजार किसानों की रजिस्ट्री की जा चुकी है। डीएम ने किसानों से अपील की है कि यदि अंश निर्धारण, आधार व खतौनी के नाम में अंतर जैसी कोई समस्या है, तो उसका मौके पर ही समाधान किया जा रहा है। कहा कि किसान अपने साथ ही अपने पड़ोसियों और रिश्तेदारों को भी इस महा अभियान से जोड़ें, ताकि कोई भी किसान सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रह जाए।
0 Response to "गाजीपुर : फॉर्मर रजिस्ट्री के लिए शासन गंभीर, डीएम ने किसानों से की अपील, कहा - बिना फार्मर रजिस्ट्री नहीं मिलेगा शासन की योजनाओं का लाभ"
Post a Comment